खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बाहिलपार गांव का मामला
संतकबीरनगर । कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बाहिलपार गांव में घर के सामने बालू गिराने के विवाद में चार लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। गांव निवासी त्रियोगी राय की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
त्रियोगी ने तहरीर में बताया कि 27 मई की सुबह करीब 8:30 बजे उनके घर के सामने पटीदार मनीष राय जबरन बालू गिरवा रहे थे। विरोध करने पर मनीष गाली देने लगे। इसी दौरान वहां पहुंचे पवन राय ने गाली देने का कारण पूछा। आरोप है कि मनीष राय, देवेंद्र राय, हर्ष राय और दिव्यांश राय ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में पवन राय, त्रियोगी राय, बसंती देवी और अनीता राय घायल हो गए। मारपीट के दौरान पवन बेहोश हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।