-22 जुलाई को अभियान चलाकर लगाए गए थे 25 लाख पौधे
-कहीं पानी का अभाव तो कहीं जानवर कर रहे नष्ट तो
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में 22 जुलाई को पौधरोपण के लिए अभियान चलाया गया। जिले की प्रभारी मंत्री व कमिश्नर सहित जिले के आला अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी निभाई। दावा किया गया कि 25 लाख पौधे रोपित किए गए हैं। साथ ही सभी ने अपनी पीठ थपथपाई। लेकिन एक सप्ताह में ही पौधरोपण की हवा निकल गई है। स्थिति यह है कि रोपे गए पौधे देखरेख के अभाव में कहीं सूख गए हैं तो कहीं सूखने की कगार पर हैं। इसके बाद भी पौधों को देखने वाला कोई नहीं है।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी ने पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद कांटे क्षेत्र में प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, कमिश्वर के साथ ही अधिकारियों ने जगह-जगह पौधरोपण किया। अभियान को अभी एक सप्ताह बीता है लेकिन अधिकतर स्थानों पर लगाए गए पौधे सूखने लगे हैं। न तो पौधों की सुरक्षा के लिए टी गार्ड लगाए गए हैं और न ही कोई अन्य इंतजाम है। इससे इस अभियान पर सवाल खड़ा हो रहा है।
खलीलाबाद विकास खंड के चकदही से बनकटवा जाने वाले मार्ग पर दोनों तरफ पौधरोपण किया गया है लेकिन पौधों की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम न होने से कहीं पशु पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तो कहीं पानी के अभाव में पौधे सूख गए हैं। इसी प्रकार की स्थिति विभिन्न मार्गों के किनारे लगे पौधे की भी देखने को मिल रही है। 15 अगस्त को भी पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा कि जब लगाए गए पौधों की सुरक्षा नहीं हो रही है तो हरियाली कैसे आएगी।
000000000000000000000000000
अभियान में करीब 25 लाख पौधे लगाए गए हैं। इसके लिए विभागवार लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिन विभागों ने पौध लगाए हैं उनकी जिम्मेदारी है कि पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं। वैसे 20 से 25 फीसदी पौधे किसी न किसी कारण से नष्ट हो जाते हैं। पौधों की सुरक्षा हो इस पर ध्यान दिया जाएगा।
-पी. के. पांडेय- प्रभागीय वनाधिकारी