संतकबीरनगर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को शहर के इंडस्ट्रीएल एरिया स्थित नमकीन की फैक्ट्री पर छापा मारा। इस दौरान वहां पर चार नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार ने बताया कि आम जनमानस को होली पर्व के दृष्टिगत शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खलीलाबाद तहसील के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नमकीन निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा गया। वहां से एक नमूना मिर्च का, एक नमूना हल्दी का व दो नमूने नमकीन के लिए गए। इस प्रकार कुल चार सैंपल संग्रहित किए गए व साफ सफाई ठीक न होने पर सुधार नोटिस दी गई। संग्रहित नमूने को खाद्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा हैं जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल मौजूद रहे। सहायक आयुक्त ने बताया कि खलीलाबाद बाईपास पर विभिन्न मिठाई विक्रेताओं के सैंपल खाद्य सचल प्रयोगशाला द्वारा जांच कराए गए। जिन प्रतिष्ठानों के सैंपल मानक रूप नहीं पाए गए उन्हें चेतावनी दी गई और भविष्य में सीमित कम कलर की मिठाइयां व अल्युमिनियम वर्क का प्रयोग न करने का निर्देश दिया गया।