संतकबीरनगर। होली नजदीक आते ही बाजार में खोआ, दूध व पनीर जैसे उत्पादों की मांग बढ़ गई है। ऐसे में यदि आप बाजार से सामान खरीदने जा रहे हैं तो थोड़ा जांच, परख लें। क्योंकि बाजार में मिलावटी खोआ, दूध, पनीर आपकी सेहत खराब कर सकते हैं। पिछले वर्ष होली में खाद्य विभाग ने उक्त पदार्थों के 28 सैंपल लिए थे। इसमें से 19 अधोमानक पाए गए। वहीं पिछले 10 दिनों में खाद्य विभाग ने खोआ और पनीर के आठ नमूने लिए हैं। जो जांच के लिए भेजे गए हैं। ऐसे में लोगों को खरीदारी करते समय सतर्क रहना होगा और असली व नकली खोआ और पनीर की पहचान कर खरीदारी करनी चाहिए। यह पनीर और खोआ गोरखपुर, नवाबगंज, कानपुर और आजमगढ़ से मंगाया जाता है।
बाजार में मिठाई व गुझिया बनाने के लिए खोआ की डिमांड ज्यादा है। बाजार में दो प्रकार का खोआ उपलब्ध है। एक कानपुरी खोआ और एक लाल खोआ। इसमें कानपुरी खोआ 260 रुपये किलो है, तो लाल खोआ 330 रुपये किलो बिक रहा है। त्योहारी सीजन में खोआ, पनीर, घी, दूध और दूध से बने पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मुनाफाखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने में परहेज नहीं करते हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2025 में हाेली पर्व के आसपास खोआ व पनीर के 28 सैंपल लिए गए। जिन्हें जांच के लिए लखनऊ लैब भेजा गया। इनमें से 19 सैंपल अधोमानक मिले थे, जिसके बाद खाद्य व औषधि प्रशासन की टीम ने एडीएम कोर्ट में केस दायर किया था। दूसरी तरफ अगर आप बाजार में खोआ, पनीर, दूध और घी समेत मिठाइयां खरीदने जा रहे हैं तो पहले उसकी जांच अवश्य कर लें। मिलावट का शक होने पर इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों से करें।
00000000000000
खजनी और हरियाणा से लाया गया पनीर पकड़ा गया था
पिछले वर्ष होली पर जिले में आजाद चौक से 35 क्विंंटल खजनी से लाया गया पनीर बरामद हुआ था, जिसे खाद्य टीम ने नष्ट करा दिया था। इसके साथ ही मेंहदावल बाईपास के पास से एक पिकअप में 20 क्विंटल पनीर बरामद हुई थी। यह पनीर हरियाणा से लाई गई थी। यही नहीं कांटे के पास एक पनीर फैक्टरी भी पकड़ी गई थी। जहां 20 क्विंटल पनीर नष्ट कराई गई थी।
000000000000000
होली पर 100 क्विंटल खोआ और 200 क्विटंल पनीर की होगी खपत
कारोबारियों के मुताबिक लोकल खोआ की मांग ज्यादा है। साथ में पनीर की खपत की संभावना दुकानदार जता रहे हैं।। खोआ व्यापारी धर्मेंद्र बताते हैं कि होली तक 100 क्विटंल खोआ व 2000 क्विंटल पनीर की खपत हो सकती है।
0000000000000
असली व नकली पनीर की ऐसे करें पहचान
असली व नकली पनीर की पहचान हाथों पर मसलकर लगा सकते हैं। अगर पनीर मसलने के बाद टूटकर गिरने लगे तो इस स्थिति में समझ जाइए कि पनीर नकली है। नकली पनीर की पहचान उसको पानी में उबालकर भी कर सकते हैं। इसके लिए पनीर को पानी में उबालने के लिए रखना है। इसके बाद पनीर को पानी से निकालकर ठंडा होने के लिए छोड़ दें। ठंडा होने के बाद पनीर पर सोयाबीन या अरहर का पाउडर डालकर 10 मिनट के लिए छोड़ देना है। ऐसा करने के बाद अगर पनीर का रंग हल्का लाल हो जाता है। ऐसा पनीर डिटर्जेंट या यूरिया से बनाया गया है।
000000000000
ऐसे करें असली खोआ की पहचान
अगर खोआ से दुर्गंध आ रही है, तो वह खराब है। इसे बिल्कुल न खरीदें। इसके लिए खोआ को हथेली पर रखकर गोली बनाएं। अगर गोली एकदम चिकनी है तो खोआ ठीक होगा। साथ ही खोआ को हथेली पर रखकर कुछ देर तक मसलें। इससे शुद्ध देसी घी की सुगंध आएगी। खोआ को गर्म करें और उस पर एक बूंद आयोडीन टिंचर डालें। अगर खोआ का रंग नीला हो जाए तो समझ लें कि उसमें मिलावट है।
000000000
जानलेवा हो सकता है नकली खोआ-पनीर
नकली दूध, खोआ और पनीर जानलेवा हो सकता है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की शोध में नकली दूध और पनीर को कैंसर का कारक भी बताया जा चुका है। इससे किडनी फेल होने का भी खतरा रहता है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. एसडी ओझा ने बताया कि पनीर और खोआ जांच परख कर ही खरीदें। मिलावट वाले सामान से किडनी पर असर पड़ता है। ऐसे में त्योहारी सीजन में इससे बच कर रहें।
00000000000
खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लगातार नमूने लिए जा रहे हैं। दीपावली पर लिए गए नमूने में करीब 10 नमूने खोआ के अधोमानक मिले थे। इन सभी पर कार्रवाई की गई है। होली तक यह अभियान जारी रहेगा।
-सतीश कुमार, सहायक आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन