बरदहिया बाजार कपड़ा मंडी में बारिश से जल जमाव हो गया।
- फोटो : अंबरीश मिश्र
जिले में लगातार तीसरे दिन झमाझम बारिश होती रही। इससे नगर और जिले के कई गांवों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क पर नालियों का पानी बहने से आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं यह बारिश किसानों के चेहरों पर रौनक लेकर आई। जो किसान किन्हीं कारणों से धान की रोपाई नहीं कर पाए थे, वे भी रोपाई की तैयारियों जुट गए हैं।
शुक्रवार की शाम से शुरू हुई बारिश रूक-रूक कर रविवार को भी होती रही। इससे जहां गर्मी से राहत है वहीं खलीलाबाद में भारी जल जमाव के कारण राहगीरों को काफी दिक्कते झेलने को मजबूर होना पड़ा। शहर में मुखलिसपुर रोड, गोलाबाजार, लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला, बंजरिया रोड, मोती नगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर, जूनियर हाईस्कूल परिसर, मड़या आदि स्थानों पर भारी जल जमाव हो गया है।
नालियां जाम होने के कारण नालियों का गंदा पानी भी सड़क तक पसर गया, जिससे आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यही नहीं सरकारी कार्यालयों के परिसरों में भी जल जमाव है, हालांकि रविवार को छुट्टी थी अन्यथा लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती। अच्छी बारिश की आस लगाए किसानों के लिए यह बारिश संजीवनी बनकर आई।
जिला कृषि शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि जिन खेतों में धान की रोपाई हो गई है। इसके लिए यह बारिश काफी लाभदायक है। जिन किसानों ने करीब 15 दिन पहले रोपाई की है वे खाद छिड़काव की तैयारी कर सकते हैं।