परिषदीय विद्यालयों की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब हो रही है। शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाए परिसर में बैठक कर धूप का लुत्फ उठा हैं। मंगलवार को बीएसए ने खलीलाबाद ब्लॉक उच्च प्राथमिक विद्यालय पटखौली का निरीक्षण किया तो कुछ ऐसे ही स्थिति मिली। इस पर बीएसए ने प्रभारी हेडमास्टर समेत पांच शिक्षकों का वेतन रोक दिया है।
बीएसए गजराज यादव ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय पटखौली का निरीक्षण किया तो सहायक अध्यापिका पूनम प्रजापति, राजकुमारी और अनुचर राजेश कुमार परिसर में बैठ कर बातचीत कर रहे थे। विद्यालय पर मात्र तीन बच्चे मौजूद मिले, वह भी खेल रहे थे। इससे प्रतीत होता है कि शिक्षक बच्चों को पढ़ाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। पठन पाठन का स्तर काफी खराब था। इसके साथ ही परिसर काफी गंदा था।
बच्चों का नामाकंन बढ़ाने में विद्यालय के शिक्षक रुचि नहीं दिखा रहे है। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापिका नीरा बिना बताए अनुपस्थित थीं। उनका कोई भी प्रार्थना पत्र विद्यालय पर नहीं था। इंचार्ज प्रधानाध्यापक समेत सभी स्टाफ का वेतन रोक दिया गया है। इसके साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।