संतकबीरनगर/ मेंहदावल। बुधवार को सुबह से दोपहर तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। इस बीच मौसम का मिजाज अचानक बदला और आंधी-बारिश हुई। इससे मेंहदावल नगर की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है। आंधी में नायक टोला, तुलसीपुर, गंगासागर समेत अन्य स्थानों पर बिजली के पांच पोल टूट कर गिर गए, जिससे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई है।
बुधवार की दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक चली आंधी में पेड़ों की डालियां टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गईं। नायक टोला में एक तुलसीपुर में एक और गंगासागर मोहल्ले में एक पोल धराशायी हो गया। तार टूटने से कई घरों के सामने चिंगारी भी उठी, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत निगम हरकत में आया।
अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में दस से अधिक बिजली कर्मियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। आंधी से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सबसे पहले टूटे हुए तारों को हटाकर लाइन सुरक्षित की जा रही है। नए पोल लगाने और तार खींचने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रभावित मोहल्लों में देर रात तक बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी तरफ खलीलाबाद और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तल्ख धूप रही। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। तीन बजे मौसम बदला तो लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
0000000000000000
मौसम में उतार- चढ़ाव बना हुआ है। अभी दो से तीन दिन तक तेज धूप बने रहने की संभावना है। बीच-बीच में आंधी- बारिश हो सकती है।
-अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक, कुमारगंज अयोध्या