संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों के दिन बहुरने वाले हैं। अब बच्चों को पढ़ाई के साथ ही परिसर में ओपन जिम की भी सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर भी वह विशेष ध्यान दे सकें।
परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अब शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम की सुविधा मिलने जा रही है। शासन से स्वीकृति के बाद परिषदीय विद्यालयों में ओपन जिम की व्यवस्था की जा रही है।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर जनपद के 25 परिषदीय विद्यालयों में ओपन जिम लगाए जाने की व्यवस्था में बेसिक शिक्षा विभाग जुड़ा है। अब शिक्षा के साथ ही छात्र-छात्राएं अपने फिटनेस पर भी ध्यान देंगे, जिसके तहत मेंहदावल विकास क्षेत्र के छह विद्यालय चयनित किए गए हैं, जिसमें ओपन जिम की सामग्री लगनी शुरू हो गई है।
परिषदीय विद्यालय गगनई बाबू, कन्या कंपोजिट विद्यालय मेंहदावल, कंपोजिट विद्यालय मेंहदावल, परिषदीय विद्यालय विसौवा, नारायनपुर तथा तुलसीपुर के विद्यालयों में जिम के सामान से व्यवस्थित किया जाएगा।
शुक्रवार को मेंहदावल नगर में स्थित कंपोजिट विद्यालय मेंहदावल तथा कन्या कंपोजिट विद्यालय मेंहदावल इन दोनों विद्यालयों में जिम के समान लगाए गए। समग्र शिक्षा के तहत शासन के अनुमोदन पर लग रहे जिम के सामान से अब नौनिहालों को शिक्षा के साथ-साथ ही एक ही विद्यालय परिसर में जिम सामग्री का उपयोग करने में भी सहूलियत होगी।
परिषदीय विद्यालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को जहां एक तरफ ओपन जिम की बेहतरीन सुविधा मिलने जा रही है वहीं अभिभावक भी स्थित विद्यालयों के विकास को लेकर प्रसन्नता जाहिर कर रहे हैं।
परिषदीय विद्यालय में अध्ययन करने वाले छात्रों के अभिभावक जय किशोर अग्रहरि, अंगद गुप्ता, संतोष कुमार, रिंकू यादव, पटेशवरी आदि का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन का बेहतर माहौल है।