लॉकडाउन : प्रशासन की सख्ती से सड़कों व गलियों में सन्नाटा
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बंद रहे बाजार, पुलिस रही मुस्तैद
नोडल अधिकारी व डीएम ने भ्रमण कर लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुए शासन ने एक बार फिर 13 जुलाई सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लागू कर दिया है। इसके पहले दिन शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की सख्ती दिखी। सड़कों व गलियों में सन्नाटा पसरा रहा तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।
बाजार के साथ कार्यालय बंद रहे। इस बीच विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइज कराया गया, जबकि जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार व डीएम रवीश गुप्ता ने भ्रमण कर जायजा लिया और शासन के निर्देशों का पालन कराने के निर्देश दिए। 25 मार्च को पहली बार लॉकडाउन लागू किया गया था, उस समय काफी सख्ती बरती गई थी। वही सख्ती इस बार भी देखने को मिली है। खलीलाबाद कस्बे की सभी दुकानें, कार्यालय, बैैंक आदि बंद रहे। शहर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर पुलिस के जवान चेकिंग करने में जुटे रहे। खलीलाबाद कस्बे में मेंहदावल बाईपास चौराहे पर नोडल अधिकारी अनिल कुमार व डीएम रवीश गुप्ता की मौजूदगी में सैनिटाइज का कार्य हुआ। इसके बाद दोनों अधिकारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और ईओ बीना सिंह से साफ-सफाई के बारे में जानकारी ली।
मुखलिसपुर रोड स्थित पुलिस चौकी के आसपास भी सैनिटाइज कराया गया। मेडिकल स्टोर की दुकानें खुली रहीं। यहां पहुंचने वाले लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया गया। नगर पालिका परिषद ने सफाई कर्मियों को लगाकर नालियों की साफ-सफाई कराई। स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड जांच का कार्य हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड सर्वे का कार्य भी हुआ।