-विधायक गणेश चौहान भी कार्यक्रम में हुए शामिल
- गुरु द्वारा गुरु सिंह सभा खलीलाबाद में आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा खलीलाबाद में गुरु ग्रंथ साहिब का प्रथम प्रकाश पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह आठ बजे श्री पाठ साहिब की समाप्ति के बाद शबद कीर्तन भाई सोहन सिंह की ओर से ''गुरु के शबद गुरु ग्रंथ जी मानयो प्रगट गुरा की देह'' शबद ने सभी संगतों का मन मोह लिया। बीवी बलवंत कौर ने ''गुरु के शबद गुरु की बानी आई तिन सगली चिंत मिटाई पढ़ कर'' सभी श्रोताओं का मन मोह लिया।
गुरुद्वारा में मत्था टेकने आए धनघटा के विधायक गणेश चौहान ने कहा कि आज गुरु ग्रंथ साहब का पहला प्रकाश पर्व है। सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह ने गुरु की परंपरा को समाप्त करते हुए गुरु ग्रंथ साहब को ही अपना गुरु मानते हुए पूजा पाठ करने का आदेश दिया था। उस समय से ही सिख श्रद्धालु बड़े श्रद्धा के साथ गुरु ग्रंथ साहब को गुरु मानते हुए पूजा अर्चन करते हैं।
गुरुद्वारा के अध्यक्ष सरदार अजीत सिंह ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब में सभी दसों गुरुओं की वाणी के अलावा भक्त कबीर दास, रामानंद, रामदेव की भी वाणी का उल्लेख है। गुरुद्वारा की तरफ से अध्यक्ष अजीत सिंह ने विधायक गणेश चौहान को सिरोपा भेंट किया। अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर शाम तक चलता रहा। कार्यक्रम में सरदार प्रितपाल सिंह, हरिभजन सिंह, मनजीत सिंह, सतविंदर पाल सिंह, जसविंदर सिंह, राजेंद्र पाल सिंह, जसवीर सिंह, परविंदर सिंह, मदन सिंह, अमरजीत सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे।