नाथनगर ब्लॉक के सिक्टहा में स्थित किसान इंटर कॉलेज के परिसर में शनिवार को दो दिवसीय माध्यमिक विद्यालयों की तहसील स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें तहसील क्षेत्र के 16 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग में 800 मीटर दौड़ में धनघटा विद्यालय के सुरेंद्र प्रथम, अजाव के दीनदयाल द्वितीय व तिघरा के संदीप तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग से 800 मीटर दौड़ में तिघरा विद्यालय के शैलेन्द्र प्रथम, तिघरा के चंदन द्वितीय और कढ़ुई के अमित तृतीय स्थान पर रहे। सब जूनियर वर्ग से 600 मीटर दौड़ में तिघरा विद्यालय के अजीत प्रथम, पुत्सर के कृष्णचंद द्वितीय व तिघरा के प्रद्युम्न तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर बालिका वर्ग से 200 मीटर दौड़ में अजाव की कुमार पिंकी प्रथम, सिक्टहा की कृति द्वितीय और भिटीनी की सुकन्या तृतीय स्थान पर रही। गोला क्षेपण जूनियर बालक वर्ग में पुत्सर से सोनू प्रथम, पुत्सर के दीपक द्वितीय और सिरसी के प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर बालक वर्ग से लंबी कूद में तिघरा के शिवम् प्रथम, तिघरा के विनीत द्वितीय और अजांव के कृष्ण कुमार तृतीय स्थान पर रहे। सब जूनियर बालिका वर्ग में सिक्टहा की काजल प्रथम, नाथनगर की मोनिका द्वितीय व सिक्टहा की गरिमा पांडेय तृतीय स्थान पर रही। गोलाक्षेपण सीनियर बालक वर्ग में कढुई के अजीत प्रथम, भोगीपुर के कन्हैया द्वितीय व तिघरा के सचिदानंद तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर बालक वर्ग में लंबी कूद में अजीत कढुई प्रथम, तिघरा के अवनीश व अरविंद क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में 1500 मीटर दौड़ में भिटिनी के विकास प्रथम, तिघरा के संदीप व सच्चिदानंद द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हरिबक्स सिंह ने मां सरस्वती की चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि खेल एक ऐसा माध्यम है जिससे मानसिक विकास होने के साथ मन प्रसन्न रहता है। प्रबंधक चंद्रसेन पाल उर्फ शंभू पाल ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर गुब्बारे छोड़े। उसके उपरांत गत वर्ष तहसील स्तरीय प्रतियोगिता में 800 और 1500 मीटर दौड़ में चैंपियन रहे दीपू कुमार ने मशाल दौड़ किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अभिमन्यू सिंह, महेंद्र कुमार यादव, उदयभान शर्मा, राहुल कुमार, दयाशंकर, पिंटू कुमार, चंद्रभूषण पांडेय, रामशंकर यादव, टिकोरी प्रसाद, विजय सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, अनीश उर्फ छोटे पाल, जाकिर हुसेन, अशोक कुमार यादव, मनोज पाल आदि मौजूद रहे।