संतकबीरनगर। दीपावली पर्व पर धनघटा तहसील क्षेत्र में पटाखा की बिक्री नहीं होगी। इसके लिए धनघटा से कोई आवेदन नहीं मिला है, जबकि खलीलाबाद और मेंहदावल में पटाखा बिक्री के लिए कुल 71 आवेदन आए हैं। इनके लाइसेंस जारी करने की प्रकिया शुरू हो गई है। खलीलाबाद तहसील क्षेत्र की जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में पटाखे की बिक्री होगी। जिसके लिए आग से बचाव आदि के उपाय किए जा रहे हैं।
धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व तक पटाखा की डिमांड होती है। लोग तरह-तरह के पटाखों की खरीदारी करते है। इसके लिए कलक्ट्रेट में बने आयुध विभाग में लाइसेंस करना होता है। वैसे जिले में स्थाई पटाखा स्टोर करने और बिक्री के लिए दो लोगों के पास लाइसेंस है।
जनपद के तीन तहसील हैं, जिनमें धनघटा तहसील क्षेत्र में इस बार पटाखा की बिक्री नहीं होगी। वहां से एक भी आवेदन नहीं आए हैं। जिसकी वजह से वहां के लिए एक भी लाइसेंस जारी नहीं होगा।
इधर खलीलाबाद तहसील में पटाखा बिक्री के लिए कुल 50 आवेदन मिले हैं। इसी तरह से मेंहदावल तहसील से कुल 21 आवेदन आए हैं। इन आवेदन की जांच के बाद अस्थाई लाइसेंस जारी किया जाएगा।
खलीलाबाद तहसील क्षेत्र का पटाखा जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर और मगहर के साधन सहकारी समिति के पीछे पटाखा की दुकानें लगाई जाएंगी। इसी तरह से मेंहदावल तहसील में पटाखा की बिक्री उत्तर पट्टी टड़वरिया मार्ग पर होगा, जिसे लेकर तैयारी शुरू हो गई है।