दुधारा थाना क्षेत्र के सेमरियावां चौराहे पर स्थित इस्लामाबाद मुहल्ले में रविवार रात करीब आठ बजे विद्युत उपकरण की एक दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में का सामान कर जल गया। जानकारी पर चौराहे के लोग जुटे और आग बुझाने की कोशिश करते रहे। वहीं सूचना के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने पर ही आग बुझ सकी, हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
सेमरियावां चौराहे पर इस्लामाबाद मोहल्ले में केशवापुर रोड पर कड़जा निवासी अच्छू की पैराडाइज नाम से विद्युत उपकरण की दुकान है। इसमें फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, टीवी, पंखे आदि सामान बेचे जाते हैं। इसके साथ ही फर्नीचर व बेड संबंधी कुछ सामान भी यहां बेचे जाते हैं।
दुकान के मालिक अच्छू ने बताया कि रविवार शाम में करीब साढ़े छह बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए। कुछ देर बाद चौराहे पर मौजूद कुछ लोगों ने फोन पर सूचना दिया कि दुकान में से धुआं और आग की लपट निकल रही हैं। उन्होंने बताया कि दुकान पर पहुंचकर उन्होंने शटर खोला तो आग काउंटर से आगे बढ़ रही थी।
लोगों की मदद से बुझाने की कोशिश की गई लेकिन आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि आग लगने का कोई कारण समझ में नहीं आया क्योंकि उस समय बिजली भी नहीं थी। दुकान में करीब लाखों लाख का सामान रखा था, इसमें से अधिकांश जल गया। एसओ रविंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।