बरहज के कटइलवा गांव में विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग बुझाते लोग और मौके पर जुटी भीड़ संवाद
बरहज। क्षेत्र के कटइलवा गांव की नई बस्ती में बृहस्पतिवार की दोपहर में विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें रिहायशी तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंंचने पर किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। घटना में जहां एक मवेशी गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं नकदी सहित लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए।
दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति के दौरान शार्ट सर्किट से चिंगारी श्रीराम निषाद की रिहायशी झोपड़ी पर गिरी और आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैली और श्रीराम के पुत्र दीना निषाद, मैनेजर और नाथू की झोपड़ियों को चपेट में ले लिया। सभी झोपड़ी धू-धू कर जलने लगीं। शोर सुनकर और लपट देख लोग घरों से बाल्टी आदि लेकर निकल पड़े और हैंडपंप आदि जगहों से पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। किसी ने सूचना फायर ब्रिगेड को दी। लोगों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे बाद आग बुझाया। घटना में एक भैंस झुलस गई। जबकि झोपड़ियों में रखी बाइक, साइकिल, नकदी, जेवर, कपड़े, मवेशियों के लिए रखा चारा आदि सामान जलकर नष्ट हो गए। एसडीएम योगेश कुमार ने कहा कि आग के घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। उनसे रिपोर्ट मांगी गई है।