रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में शुक्रवार को बिजली के शार्ट-सर्किट से छप्पर के दो मकानों में आग लग गई। जिससे मकान में रखा सारा सामान जल गया। गांव के लोगों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया।
नरायनपुर गांव निवासी सुरेमन पुत्र शिवबरती के घर छप्पर में शार्ट-सर्किट से अचानक आग लग गई। जिस समय आग लगी घर के लोग भोजन कर रहे थे। आग से उड़ती लपटों को देखकर शोर करते हुए बाहर निकले। जब तक लोग इकट्ठा होकर आग बुझाने की कोशिश करते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। साथ ही वंशबहादुर के घर को भी अपने चपेट में ले लिया। आग से दोनों घरों में रखा गेहूं, चारपाई, बिस्तर के साथ खाने का समान जलकर राख हो गया। गांव वालों के अथक प्रयास से काबू पाया गया। इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई राजस्व कर्मी गांव में नहीं पहुंच सका था।