धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के चंद्रौटी गांव के मलिन बस्ती में रविवार की सुबह एक घर में गैस चूल्हा जलाते समय सिलेंडर में आग लग गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ से अप्रिय घटना होने से बचा लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी।
चंद्रौटी गांव के मलिन बस्ती निवासी हरिराम ने बताया कि रविवार सुबह पत्नी पार्वती खाना बनाने गई। जैसे ही चूल्हा जलाने का प्रयास किया अचानक सिलेंडर तक तेज लपटें उठने लगी। पत्नी के शोर मचाने पर मोहल्ले के कई लोग पहुंच गए। कुछ युवक सिलेंडर सहित चूल्हे को घर के अंदर से निकलकर सड़क में पर ले जाकर रख दिया। सिलेंडर और चूल्हे पर पहले पानी से भीगा जुट का बोरा और बाद में बालू डालकर ढक दिया। इस दौरान बांस-बल्ली लगाकर ग्रामीणों ने सड़क पर आवागमन बंद कर दिया था। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और पानी डालकर सिलेंडर और चूल्हे को ठंडा किया। मौके पर मुखलिसपुर चौकी पुलिस भी पहुंच गई थी।