मेंहदावल। बुधवार की रात क्षेत्र के सांड़ें खुर्द गांव के सिवान में कंबाइन से गेहूं की कटाई कराने गए किसान की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी गमगीन हैं।
चंद्रावती ने बताया कि उनके 58 वर्षीय पति छट्ठू गांव के सिवान में कंबाइन आने की सूचना पर खेत में गेहूं कटवाने गए थे। उसी दौरान पति के पैर के अंगूठे में सर्प ने डंस लिया। उनके पति अचेत होकर खेत में पड़े थे। जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गोरखपुर जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज लेकर गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। किसान के बेटे रणजीत कमाने बाहर गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि किसान की तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। 24 वर्षीय बेटी गायत्री और 22 वर्षीय अनु अविवाहित हैं। किसान बेटियों की शादी के लिए चिंतित थे। बेटे के बाहर होने से पौत्र ने बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया। संवाद