संतकबीरनगर के घनघटा थानाक्षेत्र के हरिवंशपुर गांव निवासी मृतक फिरतू के घर पर जुटे लोग।
- फोटो : KHALILABAD
पिटाई से फिरतू की मौत से गांव में मचा कोहराम
धनघटा (संतकबीरनगर)। भांजे की शादी में बस्ती गए क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव निवासी फिरतू की पिटाई से मौत की सूचना शुक्रवार को मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। रोती बिलखती पत्नी सूचना मिलते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो गईं। मासूम तीन बच्चे घर पर बिलख रहे थे। पीड़ित परिजन के घर जुटी भीड़ भी गमगीन थी।
हरिवंशपुर निवासी फिरतू की बहन की शादी बस्ती जिले के कलवारी थानाक्षेत्र के माझा कला गांव में हुई है। बृहस्पतिवार को बहन के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए फिरतू माझा कला गए थे, जहां से बरात बस्ती जिले के दुबौलिया थानाक्षेत्र के अशोकपुर मांझा गांव में गई हुई थी। बरात में आर्केस्ट्रा में नाचने को लेकर घराती-बराती के बीच मारपीट हुई। फिरतू को गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी बासमती रोते-विलखते माझा कला गांव गई। फिरतू के पिता दो दिन पहले की बेटी के ससुराल गए हुए थे। गांव के लोग फिरतू के घर पहुंच कर रो रहे बच्चों को ढांढस बंधा रहे थे। गांव वालों का कहना था कि फिरतू झगड़ालू स्वभाव के नही थे। बीच-बचाव में उनको मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और बाद में उनकी मौत हो गई। सात बच्चे और बूढे़ पिता तथा पत्नी बासमती बेसहारा हो गई।