संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के धौरहरा (डीघा) निवासी अफजल ने नमन सिंह और उसके सहयोगियों पर गाड़ी की चाबी लेकर भागने, मारपीट करने, धमकी देने और वाहन का गलत इस्तेमाल करने की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अफजल के अनुसार, वह करीब दो वर्षों से नमन सिंह का दोस्त था और दोनों मिलकर वाहनों की खरीद-बिक्री का काम करते थे। उसके भाई के नाम पंजीकृत एक वाहन और भतीजे के नाम की मोटरसाइकिल भी नमन के इस्तेमाल में थी। अफजल ने बताया कि उसने अलीगढ़ निवासी आकाश से 2022 मॉडल की एक कार खरीदी थी और उसका बैनामा अपने नाम कराया था। वह कार को बेचने की तैयारी में था।
अफजल के मुताबिक, नमन के कहने पर वह न्यायालय परिसर में अपने पूर्व अधिवक्ता दिवाकर विक्रम सिंह से मिलने पहुंचा था। आरोप है कि उसके पहुंचने से पहले नमन अधिवक्ता के पास बैठा था। अफजल ने कार की चाबी अधिवक्ता के तख्त पर रख दी। इसी दौरान नमन चाबी उठाकर न्यायालय परिसर से चला गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, अधिवक्ता ने नमन को फोन किया। इसके बाद अधिवक्ता दिवाकर विक्रम सिंह उसे लेकर नौरंगिया चौराहे पहुंचे। वहां नमन पहले से अपने कुछ सहयोगियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि नमन और उसके साथियों ने अफजल के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।