संतकबीरनगर। गोरखपुर से खलीलाबाद आ रहे मोटरसाइकिल सवार सेल्समैन की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 28 सितंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैना पेपर मिल के सामने कट के पास हुआ था।
पत्नी की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर, बिछिया निवासी सीमा चौधरी के अनुसार, उनके पति परविंद कुमार चौधरी एक हींग कंपनी में सेल्समैन थे। 28 सितंबर को वह कंपनी के काम से अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से गोरखपुर से खलीलाबाद जा रहे थे।
दोपहर करीब पौने दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैना पेपर मिल के सामने कट के पास ट्रक के चालक ने गलत दिशा से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परविंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जबकि घायल साथी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। संवाद