संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के एकमा गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने जेठ और जेठानी पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता प्रियंका राय, पत्नी वीरेंद्र राय, निवासी ग्राम एकमा ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि उसके जेठ माधव राय तथा जेठानी हेमवंता उर्फ प्रियंका आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं। आरोप है कि आठ जुलाई की रात करीब 9:30 बजे दोनों शराब के नशे में घर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर दिया। किसी तरह उसने अपनी जान बचाई।
पीड़िता का आरोप है कि उसी रात करीब तीन बजे दोनों आरोपी फिर घर पहुंचे और दोबारा मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी सास राजेश्वरी देवी को भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया।
पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।