धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के अध्यक्ष सहित चार लोगों के खिलाफ रविवार को पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट किए जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित का आरोप है कि वोट न देने के कारण चेयरमैन ने गोलबंद होकर उससे मारपीट की और घर गिरवा देने की धमकी दी है।
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी पंकज साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि चार जून की रात में वार्ड में स्थित किराने की दुकान पर सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष वसीउद्दीन अंसारी, नविल्ला, सलीम व सैदुल ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और गालियां देते हुए मारने-पीटने लगे।
आरोप है कि जब वहां से जब जान बचाकर घर भाग कर आया तो वे सभी घर में घुस आए और जान से मार डालने की धमकी देते हुए मारने-पीटने लगे। आरोप है कि विवाद देखकर जब उसकी मां आई और वजह के बारे में पूछा तो वसीउद्दीन ने कहा कि तुम सभी ने मुझे वोट नहीं दिया है और सरकारी जमीन में घर बनवा रखा, घर गिरवा देंगे।
एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पंकज साहनी की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सहित चार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
इंनसेट -
द्वेषपूर्ण भावना से दर्ज कराई गई प्राथमिकी
धर्मसिंहवा नगर पंचायत अध्यक्ष वसीउद्दीन अंसारी ने बताया कि जिस स्थान पर विवाद दिखाया जा रहा है वहां वह दो माह से गए ही नहीं हैं। किन-किन लोगों के बीच विवाद हुआ वह यह भी नहीं जानते हैं, पूरा मामला राजनीतिक द्वेष भावना से किया जा रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर ले, पुलिस की जांच पर मुझे भरोसा है।