संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के एचआरपीजी डिग्री कॉलेज रोड पर ओपन जिम के पास शुक्रवार की शाम हुए हादसे के मामले में पुलिस ने देर रात को तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की है। घटना में एक युवक को जिला अस्पताल में चिकित्सक की टीम ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था। जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं एक अन्य घायल का उपचार चल रहा है।
ओपन जिम के पास अनियंत्रित कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी। पुलिस के मुताबिक घटना में गंभीर रूप से घायल विश्वजीत सिंह (35) पुत्र ओमकार सिंह ऊनखास की मौत हो गई थी। जबकि शीला पत्नी मनोज कुमार निवासी हथुआ बुजुर्ग, थाना वाल्टरगंज, बस्ती व एक अन्य घायल रामप्रसाद विश्वकर्मा (40) पुत्र रामलाल विश्वकर्मा निवासी नेदुला का उपचार शुरू कर दिया।
गंभीर स्थिति देखकर शीला को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। देर रात को तहरीर मिलने पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस को दी तहरीर में ऊनखास गांव निवासी अजीत सिंह ने जानकारी दी कि उनके भाई विश्वजीत सिंह अपने साथी रामप्रसाद विश्वकर्मा निवासी नेदुला के साथ 28 अगस्त को शाम लगभग 6:30 बजे के आसपास बाइक से डिग्री कॉलेज की तरफ अपने बाईं साइड से धीमी गति से जा रहे थे।
पीछे से सफेद रंग की कार के चालक ने टक्कर मार दी। इससे भाई व उनका साथी गंभीर से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान भाई की मृत्यु हो गई। कोतवाल ने बताया कि मामले में अज्ञात कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सीएमओ ऑफिस में चलती थी कार
जानकारों की मानें तो दुर्घटना करने वाली कार सीएमओ ऑफिस में चलती थी। वहीं पर तैनात बस्ती का एक कर्मी कार का मालिक बताया जा रहा है। दूसरी ओर बताया यह भी जा रहा है कि कार किसी अन्य के नाम से पंजीकृत है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया है और जांच तेज कर दी है।