संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में एक युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या की प्राथमिक दर्ज की गई है। इस मामले में मृतका की सहेली पर युवक का साथ देने का भी आरोप है। उसके विरुद्ध भी पुलिस ने कार्रवाई की है। धनघटा थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी खलीलाबाद शहर के एक मोहल्ले में किराए पर कमरा लेकर मेडिकल परीक्षा व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती थी। एक अगस्त की रात में बखिरा इलाके की एक युवती ने फोन पर जानकारी दी कि उनकी बेटी की धनघटा इलाके के उमरिया बाजार निवासी अन्नू अग्रहरि ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी है।
महिला ने बताया कि प्रीति नाम की यह युवती मेरी बेटी के साथ बगल में कमरा लेकर रहती है। उसकी सूचना के बाद मैं परिजनों के साथ उस मोहल्ले में पहुंची तो पता चला कि प्रीति व अन्नू एंबुलेंस बुलाकर बेटी को लेकर जिला अस्पताल गए हैं। जब हम वहां पहुंचे तो बेटी मृत अवस्था में मिली। महिला ने आरोप लगाया है कि प्रीति व अन्नू अग्रहरि ने मिलकर मेरी बेटी को मारा है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अन्नू अग्रहरि निवासी उमरिया बाजार धनघटा व प्रीति निवासी बखिरा पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।