- स्वच्छ भारत अभियान के तहत 113 ग्राम पंचायतों में से 84 का चयन
- गांव के किनारे तालाब खोदा जाएगा
मसरूर अहमद खान
सेमरियावां। क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजना के अंतर्गत गांवों के तालाबों को गंदगी से बचाने के लिए फिल्टर चैंबर का निर्माण कराया जा रहा है। इससे गंदा पानी सीधे न जाकर साफ होने के बाद तालाब में जाएगा। इससे तालाब का पानी स्वच्छ होगा और नाली से बहकर जाने वाली गंदगी भी नहीं पहुंचेगी।
ओडीएफ प्लस चयनित गांव में घरों से निकलने वाले गंदे पानी के प्रबंध के लिए गांव के किनारे तालाब खोदा जाएगा। उसमें गंदे पानी को दो से तीन जगह फिल्टर चैंबर बनाकर तालाब में पहुंचाया जाएगा। यह पानी सिंचाई के प्रयोग में लाया जाएगा। ब्लॉक के 113 ग्राम पंचायतों में से 84 ग्राम पंचायतों का चयन स्वच्छ भारत अभियान के फेज दो के तहत पहले चरण में दो माह पहले हुआ है। इन ग्राम पंचायतों में तालाबों को गंदगी से बचाने के लिए नालियों के रास्ते तालाबों में जाने वाले कचरे व ठोस पदार्थों को रोकने के लिए गांवों में तालाबों के किनारे फिल्टर चैंबर का निर्माण किया जाएगा है। इससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे न जाकर साफ होने के बाद तालाब में जाएगा। विभागीय अधिकारियों की माने तो ब्लॉक के दस ग्राम पंचायत में फिल्टर चैंबर निर्माण कार्य इसी माह शुरू हो जाएगा।
000000000000
घरों से निकलने वाले गंदे पानी से तालाबों को सुरक्षित रखने के लिए फिल्टर चैंबर बनाया जाएगा। इससे तालाबों में गंदगी कम होगी। पशु-पक्षियों को स्वच्छ पानी मिलेगा और बीमारियों के होने की संभावना कम होगी।
- मईनुद्दीन सिद्दीकी, एडीओ पंचायत सेमरियावां