नगर में स्थित एक स्कूल की दीवार मंगलवार को गिरा देने और जान माल की धमकी देने के आरोप में बुधवार को कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। स्कूल की प्रबंध निदेशिका की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मोहल्ला पुरानी तहसील निवासी मीरा गुप्ता पत्नी ज्ञान प्रकाश शाह के अनुसार वह ग्लोरियस पेटल्स स्कूल की प्रबंध निदेशिका हैं। उनके पति और पट्टीदारों के बीच आपसी बंटवारा हो चुका है। स्कूल के छात्रों की सुरक्षा के लिए गेट लगा है। आरोप है कि पट्टीदार रवीशचंद उर्फ पहाड़ी गुप्ता आदि उसके परिवार से पुरानी रंजिश रखते हैं। 22 नवंबर को स्कूल पर निर्माण कार्य चल रहा था, इस दौरान विपक्षियों ने स्कूल की दीवार गिरा दी।
विरोध पर गाली गलौज और जानमाल की धमकी भी दी। स्कूल एमडी ने अपने विपक्षी रवीशचंद्र उर्फ पहाड़ी, घनश्याम, राधेश्याम, शैलेंद्र तथा श्रीराम उर्फ निक्कु और लक्ष्मी देवी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि स्कूल प्रबंध निदेशिका मीरा गुप्ता की तहरीर के आधार पर रवीशचंद्र समेत छह लोगों के खिलाफ गोलबंद होकर दीवार गिराने, गाली गलौज और जानमाल की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। वैसे प्रथम दृष्टया जांच में दोनों पक्षों के बीच जमीन संबंधी विवाद सामने आ रहा है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।