संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के पखुआपार गांव में प्रधान चुनाव की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर छह आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित इंद्रनाथ चौरसिया ने पुलिस को दिए अपने शिकायत पत्र में बताया कि गांव में प्रधानी के रंजिश को लेकर उनका व उनके परिवार वालों से विपक्षी कई दिन से विवाद कर रहे हैं। करीब दो दिन पहले उनके पुत्र आयुष चौरसिया को कटबंध स्कूल के सामने रास्ते में रोककर मारा-पीटा व जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसकी सूचना उन्होंने विपक्षी के परिवार को दी और मामले को नजरअंदाज किया। फिर 20 जनवरी को शाम 6 बजे विपक्षी सत्यप्रकाश यादव, इंद्रनाथ यादव, अमरजीत यादव, अजित यादव, प्रेम यादव आदि लोग एक राय होकर लाठी डंडा, राड, ईंट आदि लेकर उनके घर पर चढ़ आए और उनके परिवार को घर में घुसकर मारने पीटने लगे। मारपीट के दौरान पुत्र आयुष चौरसिया व आनंद चौरसिया का सिर फूट गया तथा उनकी पुत्री शिवांगी चौरसिया को भी बुरी तरह मारा। विपक्षी मनबढ़ एवं दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। उक्त लोग जाते-जाते गालियां देते हुए बोले कि शिकायत करोगे या पुलिस के पास जाओगे तो जान से मार देंगे। उक्त घटना की शिकायत करने वह कोतवाली आ रहे थे कि थाना गेट के बाहर भी विपक्षी के सहयोगी मनीष निवासी बरदहिया बाजार सुलह समझौते का दबाव बनाते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने लगे। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।