धनघटा थाने में पहुंची दोनों पक्ष की महिलाएं।
- फोटो : KHALILABAD
दो पक्षों में चले ईंट-पत्थर, छह घायल, आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज
- दोनों पक्ष की महिलाएं पहुंची थाने, पुलिस ने समझा कर लौटाया
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। क्षेत्र के घोरांग गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों की तरफ से चले ईंट- पत्थर में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इधर देर शाम दोनों पक्षों की महिलाएं थाने पहुंच गईं। पुलिस ने उन्हें समझाकर लौटा दिया।
रामाज्ञा का आरोप है कि गांव निवासी रंजीत अपने कई साथियों के साथ उसके दरवाजे पर चढ़ आए। लोग जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित करने लगे। विरोध करने पर लोग मारने-पीटने लगे। बचाव में जब परिवार के लोग आए तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिए। जिससे आदित्य, देव पुत्र पराग, सोनू पुत्र रामबचन गंभीर रुप से घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के हंसी देवी पत्नी निरंजन का आरोप है कि विपक्षी गोलबंद होकर उसके दरवाजे पर चढ़ आए और पुरानी रंजिश को लेकर परिजनों को मारने- पीटने लगे। पिटाई से हंसी देवी, अजय, प्रदुम्न को गंभीर चोटें आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप - प्रत्यारोप मढ़ते हुए तहरीर दिया। बाद में दोनों पक्षों की महिलाएं भी थाने पहुंच कर शोर मचाने लगीं। जिन्हें पुलिस ने समझा बुझाकर लौटा दिया। एसओ सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।