धर्मसिंहवा। थाना क्षेत्र के छिबरा में स्थित एक ईंट-भट्टे पर बृहस्पतिवार की रात में प्रवासी मजदूरों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक मजदूर के सिर पर चोट लगने की वजह से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मजदूरों ने जमकर शराब पी रखी थी। हत्यारोपी सभी मजदूर घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए हैं। धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के छिबरा में स्थित एक ईंट-भट्टे के प्रवासी मजदूर होली के एक दिन पहले बृहस्पतिवार की रात में गाना बजाकर डांस कर रहे थे। मजदूरों ने जमकर शराब पी रखी थी। डांस के दौरान किसी बात को लेकर आपस में मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान ईंट व डंडे के प्रहार से बिहार प्रांत के नालंदा जिला के खड़ज्जमा निवास कुशेन्द्र मांझी (50) के सिर में काफी छोटे आई।
घटना के बाद परिजन कुशेन्द्र को धर्मसिंहवा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना में शामिल तीन आरोपी मौका पाकर रात में ही फरार हो गए। एसओ सरोज शर्मा ने बताया कि मृतक के बेटे बरसाती की तहरीर पर शिवा, राजन व जुल्लू निवासी बोधीविधा रामधाट थाना चंंडी जनपद नालंदा बिहार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।