संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने शनिवार को मेंहदावल तहसील क्षेत्र की खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दुकान का अभिलेख पूर्ण न होने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही दो दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बिना कैश मेमो के किसानों को खाद देने, स्टॉक व अभिलेख अपूर्ण होने के कारण एग्री जंक्शन बाराखाल का लाइसेंस निलंबित किया गया। वहीं दो दुकान जायसवाल खाद भंडार कौवाथोर, डीसीएफ सांडे कला को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण में सभी प्रतिष्ठानों पर यूरिया एवं फाॅस्फेटिक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिले। उपस्थित किसानों से फीडबैक लिया गया। किसानों ने बताया कि दुकानदार कैश मेमो नहीं दे रहे हैं। इस पर मौके पर ही संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी करते हुए लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा साधन सहकारी समिति भिटिया कला, ओम खाद भंडार मिश्रौलिया मिश्र, सिंह खाद भंडार संडे कला, आदि शक्ति खाद भंडार करमैनी की जांच की गई। बताया कि जनपद में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। कल तक 1500 एमटी डीएपी जनपद में और उपलब्ध हो जाएगी, जिससे डीएपी की कुल मात्रा 3000 एमटी हो जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने खाद की बिक्री करने वाले दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों को गुमराह न करें।