धनघटा। पौली क्षेत्र में किसान यूरिया के लिए भटकने को मजबूर हैं। बृहस्पतिवार को साधन सहकारी समिति शनिचरा बाजार में किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। यूरिया के लिए कई किसान समिति के बाहर खड़े रहे। मौके पर मौजूद किसान राम कुमार, हरिवंश, दिनेश कुमार, राम चन्द्र, राम अवध आदि ने बताया कि घर का काम धाम छोड़कर सुबह से ही यूरिया के लिए सहकारी समिति पर आया हूं। लगभग छह घंटे तक खड़े रहने के बाद भी यूरिया नहीं मिली।
किसानों ने कहा कि धान की रोपाई के बाद खेतों में यूरिया का छिड़काव करना जरूरी हो गया है लेकिन कुछ दिनों से सहकारी समितियों पर पर्याप्त यूरिया उपलब्ध न होने से किसानों को इधर उधर की भाग दौड़ करने को मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि बाजारों में ऊंचे दामों पर यूरिया की बिक्री की जा रही है।
विज्ञापन
किसानों ने कहा कि मांग को देखते हुए साधन सहकारी केंद्रों पर पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसानों के खेतों में समय पर यूरिया का छिड़काव हो सके।
इस संबंध में साधन सहकारी समिति शनिचरा बाजार के सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों में यूरिया की बिक्री की जा रही है। मौजूद किसानों में यूरिया का वितरण किया गया है।