सेमरियावां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जच्चा बच्चा केंद्र में तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मी पर लापरवाही और सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत डीएम व सीएमओ से की गई है। वहीं सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सुरेश चंद्रा ने स्वास्थ्य कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
सेमरियावां गांव निवासी मोहम्मद रिजवान ने डीएम को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी गर्भवती थी। पत्नी की तबियत खराब होने पर छह नवंबर की रात करीब 12 बजे वह गर्भवती पत्नी लेकर सीएचसी के जच्चा बच्चा केंद्र सेमरियावां गया। केंद्र में तैनात स्वास्थ्य कर्मी दरवाजा खोलने व बात सुनने को तैयार नहीं हुई। बहुत मिन्नत करने पर करीब ढाई बजे दरवाजा खोली। बाद में सुविधा शुल्क की मांग की और न देने पर देखने से इन्कार कर दिया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सुरेश चंद्रा ने स्वास्थ्य कर्मी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने संतोष जनक ज़वाब न मिलने पर कार्रवाई की बात कही है। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि मामला की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।