नवीन मंडी में गेहूं खरीद का निरीक्षण करते जिला विपणन अधिकारी
संतकबीरनगर। जिले में गेहूं की खरीद में तेजी आई है। अब तक तीन कंपनियों पर 299 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को गेहूं बेचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मोबाइल वैन के जरिए 15 किसानों से गेहूं खरीदा गया है।
जिले में गेहूं खरीद के लिए कुल 48 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इसमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा (एफसीएफ) का 22 केंद्र, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का तीन, उत्तर प्रदेश सहकारी संघ (पीसीएफ) का 22 केंद्र और उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन मंडी समिति का एक केंद्र शामिल है। इन केंद्रों पर 17 मार्च से गेहूं खरीद शुरू हुई है। अब तक कुल 299 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। एफसीआई के जरिए अभी तक गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है।
विपणन शाखा के अधिकारी और कर्मचारी मोबाइल वैन के जरिए गांव-गांव जाकर किसानों से गेहूं खरीद की अपील कर रहे है। हालांकि 15 किसानों ने मोबाइल वैन के जरिए अपना गेहूं बेचा है। इसके साथ ही अब तक खाद्य विभाग की विपणन शाखा से 277 मीट्रिक टन, उत्तर प्रदेश सहकारी संघ से 18 मीट्रिक टन और मंडी परिषद से दो मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। हालांकि अभी यह खरीद जून माह तक होनी है।