संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी के लापता होने के मामले में चार लोगों पर गंभीर लगाए हैं। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी 31 जुलाई को कहीं चली गई थी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। उन्होंने बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और घर से नकदी व सोने के आभूषण ले जाने की बात भी बताई है। साथ ही बेटी के साथ अनहोनी होने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लड़की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निवासी पीड़ित के अनुसार वह जम्मू-कश्मीर में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करते हैं। सात जुलाई को वह पत्नी के साथ जम्मू-कश्मीर चले गए थे। घर पर उनकी बेटी और परिवार के अन्य सदस्य थे। आरोप है कि 31 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे उनकी बेटी बिना बताए घर से चली गई। इसकी जानकारी मिलने पर वह एक अगस्त को घर पहुंचे और रिश्तेदारों व अन्य स्थानों पर उसकी तलाश की लेकिन जानकारी नहीं मिली।
पीड़ित के मुताबिक उन्होंने छह अगस्त को महुली थाने में शिकायत देकर बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। उनका आरोप है कि बेटी घर में रखे करीब एक लाख 70 हजार रुपये और सोने की माला, झुमके व अंगूठी भी साथ ले गई है।
पीड़ित ने रितिक चौधरी, प्रमोद, बब्लू और प्रमोद की पत्नी पर आरोप लगाया है कि बेटी के लापता होने के संबंध में पूछताछ करने उनके घर पहुंचने पर उनके साथ गाली गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई। एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेश व तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।