संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के नाथनगर में पीएनबी बैंक के पास 19 नवंबर को सरेराह युवक को गोली मारने के आरोपी पिता-पुत्र पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में हाजिर हो गए।
बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता-पुत्र पर बेटी के पति को घायल करने का आरोप लगा था। युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में केस दर्जकर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव को देखकर आरोपियों ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नाथनगर पीएनबी बैंक के पास 19 नवंबर की शाम सात बजे के आसपास बाइक से आए दो लोगों ने बेटी के पति रामजैन शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। रामजैन को हाथ, पेट और कंधे में तीन गोली लगी। घटना के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया था। घटना की जानकारी के बाद उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर रामजैन का बयान दर्ज किए। वहीं पुलिस ने 20 नवंबर की सुबह रामजैन के भाई रामजनक शर्मा की तहरीर पर आरोपी परमात्मा शर्मा और उनके बेटे सोनू शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया।
आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। पुलिस गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही थी। मंगलवार को आरोपी ने कोर्ट में हाजिर होने के लिए प्रार्थना पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय से रिपोर्ट मांगने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम न्यायालय परिसर से बाहर आरोपी पिता-पुत्र के आने का इंतजार करती रही। वही दोनों आरोपी गाड़ी में बैठकर सीधे कोर्ट में हाजिर हो गए, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस अब मामले में आरोपियों की कस्टडी लेने की तैयारी में जुट गई है।