खाद बीज न मिलने को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण । संवाद
संतकबीरनगर। खाद और बीज न मिलने की समस्या से परेशान सिकरी न्याय पंचायत क्षेत्र के लोगों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम काे ज्ञापन सौंपा और सिकरी न्याय पंचायत में चलने वाली सहकारी समिति को बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर जिला पंचायत सदस्य रामसुरेश चौरसिया का कहना था कि सिकरी न्याय पंचायत में किसान संसाधन सहकारी समिति सन 1986 से चल रही थी। विगत 10 साल से अधिक समय से जिला सहायक निबंधक एवं ब्लाॅक के अधिकारियों के षड़यंत्र से बंद कर 5 से 6 किमी दूर स्थित सिरमोहनी समिति से जोड़ दिया गया। आरोप था कि यहां से खाद, बीज और जिंक की कालाबाजारी धड़ल्ले से की जा रही है। लोगों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कई बार मुख्य मंत्री हेल्पलाइन और विभागीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इस दौरान मंजीत कुमार, ओरीलाल, संजय सिंह, सत्येन्द्र, रमेश चन्द्र, विकास चौरसिया, कृष्णचंद्र, रामबहाल, लालमन, बिन्द्राबन, परमात्मा, पन्नेलाल, अमरनाथ, इंदल, सतीश, शक्तिनाथ, इंद्रजीत समेत अन्य लोग उपस्थित थे।