धनघटा। राजकीय कृषि बीज भंडार नाथनगर पर बृहस्पतिवार को पूरे दिन किसान लाइन में खड़े रहे। भीड़ अधिक होने के चलते कुछ किसानों को ही बीज मिल सका। बाकी मायूस होकर लौट गए। लक्ष्य के अनुरूप बीज उपलब्धता नहीं होने के चलते किसान परेशान हैं।
गेहूं की बुआई शुरू हो गई है, लेकिन खाद और बीज की किल्लत बनी है। पर्याप्त खाद और बीज न मिलने के चलते किसान समितियों का चक्कर लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार को राजकीय कृषि बीज भंडार नाथनगर पर बीज लेने के लिए भारी संख्या में किसान उमड़ पड़े। 10 बजे के बाद भीड़ और बढ़ी तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मांग के अनुरूप बीज उपलब्धता नहीं होने के चलते कुछ ही घंटों में बीज खत्म हो गया।
विभागीय कर्मियों की माने तो मांग के अनुरूप बीज केंद्र तक नहीं पहुंचा। इसके चलते अधिकांश किसानों को बीज नहीं मिल सका। बीज कब तक पहुंचेगा इसका जवाब नहीं दे सके। लाइन में लगे किसान रामलाल, मोहित, शिववरन, कोदई, मल्लू, बनारसी आदि बीज नहीं मिलने से नाराजगी व्यक्त करते हुए बैरंग लौट गए।