बेलहर। क्षेत्र में बृहस्पतिवार को कई जगहों पर आग लगने की घटना हुई। दमकल की गाड़ी इधर उधर दौड़ती रही। कई स्थानों पर दमकल आने तक फसल जलकर राख हो गई।
ग्राम पंचायत भगौसा के पुरवा देवरिया में कंबाइन मशीन चल रही थी। उसी बीच आग लगने से तीन व्यक्तियों की लगभग ढाई बीघा गेहूं की फसल जल गई। उसके बाद कंबाइन मशीन भी आग की चपेट में आ गई।
भिटिया के राजस्व गांव बरगदवा में लगभग 10 बीघे से ऊपर गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्राम पंचायत पवरिहा के राजस्व गांव सियाझूडी में भी आग लगने की घटना हुई। हालांकि, किसी का नुकसान नहीं हुआ। वहीं, कुछ देर बाद नगर पंचायत बेलहर कला में भी अज्ञात कारणों से आग लग गई और कई बीघा फसल जल गई। हर जगह लोगों ने दमकल को सूचना दी। दमकल पहुंचने तक खुद आग पर काबू पाने के लिए लोग जूझते रहे। एसडीएम मेंहदावल योगेश्वर ,एसओ अमित कुमार कुशवाहा सहयोगियों के साथ भागदौड़ करते रहे।
धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार, महुली क्षेत्र के गोरयाघाट गांव के पास में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे भूसा बना रही मशीन से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे करीब 22 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों प्रयास और दमकल के सहयोग से आप पर काबू पाया गया। सूचना पर पुलिस टीम भी पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी रही।
गोरयाघाट गांव के संतोष चौहान ने बताया कि उनके गांव के बाहर बुधवार को करीब 12 बजे भूसा बनाया जा रहा था। उसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग से गोरयाघाट गांव निवासी मोनू तिवारी का छह बीघा, जनार्दन राय का चार बीघा, साधूशरन तिवारी का चार बीघा, पौहारी शरन तिवारी का चार बीघा और फिरोज पट्टी गांव निवासी उषा देवी का चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। संतोष चौहान की सूचना पर पहुंची महुली पुलिस और दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।