- धनघटा क्षेत्र के मुंडेरा राय का मामला
- नैनो यूरिया लेने से इन्कार करने पर जमा हुए आधार कार्ड बाहर फेंक दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मुंडेरा राय के साधन सहकारी समिति समिति पर किसानों और सचिव के बीच जमकर नोंकझोंक हुआ। किसानों का कहना था कि डीएपी खाद की बोरी पर 1350 रुपये प्रति बोरी कीमत लिखी हुई है, लेकिन सचिव 1600 प्रति बोरी दाम लेकर नैनो यूरिया के साथ खाद दे रहे हैं। नैनो यूरिया लेने से इन्कार करने पर जमा हुए आधार कार्ड बाहर फेंक दिए।
किसान धर्मदास, कुर्बान अली, प्रहलाद यादव, बबलू, व्याश चतुर्वेदी, वाचस्पति, राधेश्याम आदि का कहना है कि डीएपी खाद न मिलने की वजह से फसलों की बोवाई पिछड़ती चली जा रही है। साधन सहकारी समिति मुंडेरा राय पर डीएपी खाद उपलब्ध होने की सूचना पर पहुंचे तो यहां सचिव मनमानी पर अड़े हैं।
किसानों का कहना है कि डीएपी खाद की कीमत 1350 रुपये प्रति बोरी है। यही जानकर इतने ही रुपये घर से लेकर आए। यहां आने पर पता चला कि खाद उन्हीं किसानों को दी जाएगी जो 1600 रुपये देकर डीएपी खाद के साथ नैनो यूरिया ले जाएंगे।
नैनो यूरिया न लेने की बात करने पर सचिव किसानों का पहले से जमा किया गया आधार कार्ड उठा कर बाहर फेंक दिए। आधार कार्ड फेंके जाने से नाराज किसानों ने साधन सहकारी समिति पर हंगामा खड़ा कर दिया। कुछ लोगों के समझाने बुझाने के बाद किसान मानें और मजबूरी में नैनो यूरिया के साथ डीएपी खाद 1600 प्रति बोरी कीमत देकर घर ले गए।
नैनो यूरिया देना अधिकारियों ने अनिवार्य कर दिया है। नैनो यूरिया के साथ ही डीएपी खाद बेचना है।
- रामप्रवेश गुप्ता,
सचिव साधन सहकारी समिति