मृतक ओम प्रकाश यादव (फाइल फोटो)
- फोटो : KHALILABAD
करंट की चपेट में आने से किसान की मौत
धनघटा। क्षेत्र के भैंसाखूट गांव निवासी किसान की बुधवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घर के मुखिया की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
भैंसाखूट गांव निवासी 50 वर्षीय ओम प्रकाश यादव पुत्र रामाश्रय यादव घर पर रहकर खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका 25 वर्षीय पुत्र पन्ने लाल बीए प्रथम वर्ष का छात्र है तो 22 वर्षीय बेटी तारा लखनऊ में पॉलिटेक्नीक की पढ़ाई करती है। 19 वर्षीय बेटी अंशु कक्षा 11वीं में और बेटा दिनेश लाल कक्षा आठवीं में पढ़ते हैं। परिजनों का कहना है कि बुधवार को ओम प्रकाश हैंडपंप पर लगे टुल्लू पंप से स्नान कर रहे थे। उसी समय हैंडपंप में करंट उतर गया। जिसकी चपेट में ओमप्रकाश आ गए। उन्हें गिरा देखकर परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो पास पड़ोस के लोग दौड़कर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां देखने के बाद डॉक्टर ने ओम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी प्रेमा देवी रोते-रोते अचेत हो जा रही थी। घर के मुखिया की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। एसओ केडी सिंह ने बताया कि ओमप्रकाश के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया।