धनघटा। क्षेत्र के तामा गांव के पास राम जानकी मार्ग पर वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 65 वर्षीय किसान की मौत हो गई। रविवार को देर रात हुई घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र के नगवा भगवानपुर निवासी राम प्रसाद गुप्त पुत्र रघुनंदन रविवार को बाइक से धनघटा रिश्तेदारी में आए थे। यहां से वह देर रात लौट रहे थे। जब वह तामा गांव के समीप पहुंचे तो सामने से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर दी। टक्कर लगने के बाद राम प्रसाद सड़क की पटरी पर बने गड्ढे में गिर गए। उन्हें गिरा हुआ देखकर लोगों ने 108 नंबर पर फोन करके एंबुलेंस मंगाई। इसके बाद गंभीर रूप से घायल राम प्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया। यहां देखने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों को हुई तो परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस पर राम प्रसाद के बेटे अनिल गुप्ता ने बताया कि किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी थी। इसकी वजह से पिता गिर गए थे। इससे उनकी मौत हो गई। राम प्रसाद की मौत से परिजन गमगीन थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।