- बार-बार आ रही समस्याओं के निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही
- थाना समाधान दिवस का आयोजन
- डीएम, एसपी व एएसपी ने कोतवाली खलीलाबाद में सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। शनिवार को धर्मसिंहवा थाने पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र के एक वार्ड की समस्या लगातार आने पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की। बताया कि समस्या का निदान ईओ के स्तर से होना है वह किसी भी थाना समाधान दिवस पर नहीं आते हैं। जिस पर एसडीएम ने ईओ से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
धर्मसिंहवा थाने पर एसडीएम अरूण कुमार और सीओ राघवेंद्र राठौर ने समस्याएं सुनीं। इसमें नगर क्षेत्र के छिबरा वार्ड के निवासी ने समसुल्लाह ने रास्ते व नाली की समस्या की शिकायत की, तो समाधान दिवस पर अधिशासी अधिकारी की गैर मौजूदगी पर चर्चा होने लगी। लेखपाल शेषदत्त त्रिपाठी ने बताया अधिशासी अधिकारी किसी भी समाधान दिवस पर मौजूद नहीं रहते हैं। जिसकी वजह से समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। इस पर एसडीएम अरूण कुमार ने नाराजगी जताई और ईओ से स्पष्टीकरण के लिए पत्र निर्गत किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासनादेश में यह आदेश है कि उन्हें थाना समाधान दिवस पर मौजूद रहना चाहिए। उसी दौरान अशोक कुमार ने यह भी शिकायत किया कि अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कार्यालय पर कभी-कभार आते हैं। लोग जाते हैं तो उन्हें अधिकारी के न होने के कारण लौटना पड़ता है। उनकी समस्या जस की तस बनी रहती है। यहां पर तीन प्रार्थनापत्र आए जिनमें से किसी का निस्तारण नहीं हो सका।
32 मामलों में किसी का निस्तारण नहीं
संतकबीरनगर। जिले में थाना समाधान दिवस पर शनिवार को कुल 32 प्रार्थनापत्र आए। इनमें से एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। कोतवाली खलीलाबाद में सात, दुधारा पांच, धनघटा छह, महुली दो, मेंहदावल तीन, बखिरा चार, बेलहरकला दो और थाना धर्मसिंहवा पर तीन शिकायतपत्र आए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्ता व एएसपी शशि शेखर सिंह ने कोतवाली खलीलाबाद में समस्याएं सुनीं। डीएम ने कहा कि प्रार्थनापत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन पर रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारी को तत्काल भेजा जाए। जिससे समय से उचित निस्तारण कराया जा सके।