- सेमरियावां प्रमुख प्रकरण : डीपीआरओ ने 55 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के खिलाफ दर्ज कराया था केस
- 25 बीडीसी के हस्ताक्षर का नमूना जांच के लिए भेजा गया लैब
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मामले में दोनों तरफ से दाखिल क्षेत्र पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त शपथपत्र की जांच एक्सपर्ट करेंगे। पुलिस ने 25 बीडीसी के हस्ताक्षर युक्त शपथपत्र को गोरखपुर लैब में एक्सपर्ट के पास भेजा है। साथ ही बीडीसी से बयान दर्ज करने की कार्रवाई पुलिस ने शुरू कर दी है।
डीएम के आदेश पर प्रभारी डीपीआरओ राजेश कुमार ने ब्लाॅक प्रमुख सेमरियावां के समेत 55 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कराया। जांच में पाया गया था कि पूर्व प्रमुख की पत्नी व बीडीसी हाजरा खातून, प्रमुख मजहरून्निशा और 50 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा प्रतिरूपण कर बेइमानीपूर्ण तरीके से धोखा देकर शपथपत्र तैयार किया गया। एक शपथपत्र से भिन्न दूसरे शपथपत्र में मिथ्या कथन किया गया है।
केस दर्ज होने के बाद ज्यादातर बीडीसी भूमिगत हो गए। पुलिस ने सदस्यों के हस्ताक्षर मिलान के लिए गोरखपुर लैब में भेजी है। दो चरण में 25 सदस्यों के हस्ताक्षर का नमूना जा चुका है। बाकी के नमूने भेजने की पुलिस तैयारी कर रही है। साथ ही एक-एक करके सदस्यों का बयान भी दर्ज कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
25 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर का नमूना जांच के लिए एक्सपर्ट के पास भेजा जा चुका है। सदस्यों का बयान भी लिया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- जय प्रकाश दूबे, प्रभारी निरीक्षक दुधारा