संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री संदर्भ, आयुक्त संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस संदर्भ सहित अन्य संदर्भों एवं लम्बित प्रकरणों के निस्तारण से संबंधित कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा हुई। इस दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का अतिशीघ्र निस्तारण करें।
उन्होंने कहा कि कोई भी संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में न जाए। संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी नियमित तौर पर पोर्टल पर संदर्भों को प्राप्त होते ही निस्तारित करने की दिशा में कार्यवाही प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। संदर्भों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, स्टाम्प शुल्क, विद्युत देयों की वसूली, वन विभाग, सिंचाई एवं नलकूप, नगर निकायों में राजस्व संग्रह की स्थिति, खनन, मण्डी समिति, बांट माप, खाद्य एवं सुरक्षा सहित अन्य राजस्व संग्रह से संबंधित विभागों की लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व की वसूली की समीक्षा की। लक्षित वसूली में सुधार लाते हुए समय सीमा के अन्दर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।