- सात जून तक मिला है पावर ब्लॉक, कार्य में आई तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद के मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडरपास के निर्माण में तेजी आ गई है। तीन दिनों तक अप व डाउन टैंक पर गार्डर लगाने का कार्य हुआ तो शुक्रवार को ढांचा फिट करने के लिए मिट्टी की खुदाई का कार्य शुरू हो गया है। कार्य की निगरानी कर रहे अधिकारियों का कहना है कि मानूसन आने से पूर्व ढांचा फिट करने के साथ अन्य कार्य पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
खलीलाबाद के मुखलिसपुर रेलवे क्राॅसिंग पर करीब दो साल पहले अंडरपास बनाने का कार्य शुरू हुआ। पहले नगर पालिका का नाला निर्माण कार्य में बाधा बना। इसे व्यवस्थित करने के बाद गार्डर लगाने के लिए पावर ब्लॉक की जरूरत पड़ी। दो बार मशीनें आई, लेकिन पावर ब्लॉक न मिलने से वापस लौट गई थी। बाद में सात जून तक पावर ब्लॉक मिला तो अप व डाउन पटरी पर गार्डर लगाने का कार्य कराया गया, जो पूरा हो गया है। अब बनाए गए ढांचे को पटरी के नीचे फिट करने के लिए मिट्टी की खुदाई का कार्य शुरू कराया गया है, ताकि जल्द से जल्द ढांचा फिट हो सके।
अंडरपास निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। गार्डर लगाने का कार्य पूर्ण हो गया है। साथ ही ढांचा फिट करने के लिए मिट्टी की खुदाई कराई जा रही है। मानूसन आने से पूर्व कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
- अतुल कुमार, अवर अभियंता, रेलवे