संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के अगापुर गुलरिहा गांव निवासी विधवा महिला की जमीन पर जबरन कब्जा करने वाले दंपती और उसके सहयोगियों के विरुद्ध धनघटा पुलिस ने एडीएम के आदेश पर बुधवार देर शाम केस दर्ज किया था। वहीं बृहस्पतिवार को बेदखली की भी कार्रवाई तहसील प्रशासन ने शुरू कर दी है। एसडीएम का कहना है कि हर हाल में वृद्ध महिला को अपनी जमीन पर कब्जा मिलेगा। धूपा देवी पत्नी रामनौकर की जमीन पर गांव निवासी हरखू लंबे समय से कब्जा किए हुए है। धूपा देवी की जमीन पर से कब्जा हटाने का आदेश न्यायालय भी दे चुका है। जिसके बाद तहसील प्रशासन दो बार हरखू के कब्जे से जमीन को मुक्त भी कराया, लेकिन दबंग हरखू फिर कब्जा कर लिया। धूपा देवी ने डीएम के सामने अपना दुख बयां किया तो डीएम ने तहसीलदार को तत्काल जमीन को खाली करा कर विधवा धूपा देवी को कब्जा दिलाए जाने का निर्देश दिया। सोमवार को तहसीलदार मौके पर पहुंचकर जमीन से बेदखली की कार्रवाई की। हरखू ने फिर उसे जमीन पर अपना कब्जा जमा लिया। धूपा देवी मंगलवार को अपना फरियाद लिए तहसील और थाने पर भटक रही थी।
बुधवार के अंक में अमर उजाला ने जब इस खबर को ‘बेदखली के 24 घंटे के भीतर ही दबंगों का विधवा की जमीन पर फिर कब्जा’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया तो प्रशासन हरकत में आ गया।
एडीएम के आदेश पर एसडीएम ने धूपा देवी को घर से बुलवाकर दबंग हरखू, उसकी पत्नी राजमती और उनके सहयोगियों के विरुद्ध बुधवार की शाम केस दर्ज कराया। बृहस्पतिवार की सुबह से विधवा धूपा देवी को जमीन पर कब्जा दिलाने की कवायद भी शुरू कर दी गई।