सेमरियावां ब्लॉक के कानपारा स्थित शिव मंदिर पर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ। इसमें वक्ताओं ने मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाकर लोगों को जागरूक किया। साथ ही चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं का हाल जाना और निस्तारण का आश्वासन दिया गया। मिशन 2017 को सफल बनाने पर जोर दिया।
पूर्व प्रमुख और भाजपा नेता दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। कांग्रेस के शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया है। कांग्रेस ने देश को काफी पीछे धकेल कर बर्बाद कर दिया है। भाजपा जाति धर्म से ऊपर उठकर हमेशा विकास की पक्षधर रही है। भाजपा सबका साथ सबका विकास चाहती है। उन्होंने ने कहा कि सपा बसपा पार्टी नही प्रापर्टी है। सपा, बसपा ने हमेशा जाति विशेष की राजनीति किया है। बसपा शासन में स्मारक, हाथी, घोड़ा व पत्थरों पर जनता का अरबों रुपये बर्बाद कर दिया गया। उन पैसों से गरीबों के मकान का इंतजाम व अन्य विकास कार्य कराए जा सकते थे।
केंद्र द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, किसान बीमा येाजना समेत योजनाओं का प्रदेश में ठीक से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। इससे प्रदेश विकास में पिछड़ता जा रहा है। भाजपा जिला महामंत्री जगदम्बालाल श्रीवास्तव ने कहा कि जाति धर्म की राजनीति करने वाली पार्टियों से प्रदेश की जनता ऊब चुकी है। मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में भारत एक मजबूत राष्ट्र बनेगा। प्रदेश का विकास भाजपा सरकार में ही संभव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता व संचालन गोविंद जायसवाल ने किया। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री दयाराम कन्नौजिया, आयोजक कमलेश यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष पुरूषोत्तम गुप्ता, चंदन जायसवाल, गोविंद जायसवाल, ग्राम प्रधान विष्णु प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान अर्जुन प्रसाद, चंद्रशेखर, नईमुल्लाह, दीनानाथ, अरुण कुमार, राम संवारे यादव, अमित श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।