हर दिन विद्यार्थियों के नामांकन का ऑनलाइन देना होगा ब्योरा
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। परिषदीय स्कूलों का नया सत्र एक अप्रैल से शुरू होगा। नए शैक्षणिक सत्र से नामांकित बच्चों का पूरा विवरण उसी दिन बेसिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर दर्ज कराया जाएगा। ब्लॉक स्तर से ही पूरी सूचना भेजनी होगी। इसके साथ ही ड्रेस, जूता मोजा, स्कूल बैग, आधार नामांकन की भी प्रतिदिन सूचना देनी होगी।
एक अप्रैल से परिषदीय स्कूलों में नया सत्र शुरू होगा। इसके लिए विद्यालयों में नामांकन का दौर चलेगा। जगह-जगह रैली व गोष्ठी कर लोगों को नामांकन के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षक भी घर-घर जाकर लोगों को अपने पाल्यों के नामाकंन के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
प्रतिदिन स्कूलों में होने वाले छात्रों के नामांकन को ब्लॉक स्तर पर एकत्रित कर उसे खंड शिक्षा अधिकारी बेसिक शिक्षा परिषद की बेवसाइट पर अपलोड करेंगे। पोटल पर अपलोड की सूचना बीएसए देखेंगे पर उसमे कोई संसोधन नहीं कर सकेंगे। नामांकन की जांच भी होगी अगर गलत नामांकन रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी तो उस ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी पर कार्रवाई भी होगी। नामांकन के साथ ही ड्रेस, जूता-मोजा, स्कूल बैग वितरण और आधार नामांकन की भी सूचना अपलोड करनी होगी। अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ललित प्रदीप ने हर हाल में एक अप्रैल से आदेश को सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया है। पोर्टल पर प्रतिदिन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कक्षा एक से आठ तक सहायता प्राप्त स्कूलों की सूचना अलग अलग देने को कहा है। इसमे किसी प्रकार की कोताही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।