संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के कौवाटांर गांव निवासी हनुमान चतुर्वेदी के दो हत्यारों घटना के एक पखवारा बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ नहीं आए। 20 जून को मीरगंज स्थित राइस मिल के पास उनका शव देखा गया था। पुलिस मामले में दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। जबकि दो हत्यारोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। कोवाटांर गांव निवासी हनुमान चतुर्वेदी का शव मिलने के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया। 21 जून को परिजन अन्य लोगों के साथ हत्या का आरोप मढ़ते हुए जिला अस्पताल के सामने खलीलाबाद मेंहदावल मार्ग को जाम कर दिया। जानकारी होने के बाद एएसपी समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर बाधित आवागमन को बहाल कराया।
पुलिस ने मृतक हनुमान चतुर्वेदी की तहरीर पर राइस मिल मालिक मुस्तकीम, अमित, रामकिशोर व मोहम्मद जमशेद के खिलाफ केस दर्ज किया। घटना के बाद से ही सभी आरोपी भूमिगत हो गए थे। पुलिस की कई टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद पहले अमित और फिर मुस्तकीम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। जबकि घटना के नामजद आरोपी रामकिशोर व जमशेद अभी भी फरार चल रहे हैं।