संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के पचरा गांव में पेट्रोल पंप मालिक कमलेश कुमार उपाध्याय उर्फ टिल्लू बाबा के घर हुई चोरी का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। जबकि चोरी की यह घटना हुए 9 दिन बीत चुके हैं। वहीं चोरों को तलाश करने में पुलिस विभाग की कई टीमें जुटी हुई हैं। मगर चोर पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पचरा निवासी पेट्रोल पंप मालिक कमलेश कुमार उपाध्याय के घर चोरों ने तीन अप्रैल की रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान चोरों ने उनके घर में घुसकर उनके कमरे तथा उनके भाई के कमरे का ताला तोड़ा तथा दोनों कमरों में रखी आलमारियों और बक्सों को तोड़कर तकरीबन पांच लाख नगदी और 45 लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया था। घटना की जानकारी पाकर मौके पर क्षेत्राधिकारी के साथ ही अन्य पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से साक्ष्य एकत्रित किए तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज करके चोरों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला और संदिग्धों से पूछताछ भी की, लेकिन अभी तक चोरों की गिरेबान तक नहीं पहुंच पाई हैं।